हापुड़- गौ रक्षा के मुद्दे पर ब्राह्मण महासभा का शक्ति प्रदर्शन, 'राष्ट्रमाता' का दर्जा समेत पांच मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन को लेकर शुक्रवार को ब्रह्म समर्पित ब्राह्मण महा सभा (भारत) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गौसेवक एसडीएम कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। संगठन ने गौ माता को 'राष्ट्रमाता' घोषित कराने की पहल करने, गौ-तस्करी और अवैध गोवध पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने समेत पांच प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित नानक चंद शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक जीवन का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनों का कड़ाई से पालन कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के आह्वान पर प्रदेशभर में संचालित 81 दिवसीय गौ-रक्षा एवं गौ-संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर सभी जनपदों में ज्ञापन सौंपे गए हैं।

संगठन की ओर से मांग की गई कि केंद्र सरकार को गौ माता को 'राष्ट्रमाता' घोषित करने का प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही प्रदेश में गौ-तस्करी और अवैध गोवध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, निराश्रित गौवंश के लिए पर्याप्त गौशालाएं एवं कांजी हाउस स्थापित किए जाएं और वहां चारा, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास खुले में मांस बिक्री तथा अवैध मांस दुकानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की भी मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विक्की शर्मा, अमरनाथ शर्मा, ब्रजनाथ मिश्रा, केसी पांडेय, अजय पांडेय, डॉ. राजेश कुमार यादव, सुबोध पांडेय, श्याम सुंदर, ईश्वर चंद शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, सुबोध शास्त्री, मित्र प्रसाद काफ्ले, निरंजन शर्मा, मुरलीधर शर्मा, राहुल शर्मा, देवी प्रसाद तिवारी, भरतलाल शर्मा, निशांत शर्मा, सी. राज शर्मा, कपिल शर्मा, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और गौसेवक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments