Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जनपद में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों के बीच जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश त्यागी लगातार तीसरे दिन भी पुलिस निगरानी में रहे। कांग्रेस का आरोप है कि 21 जुलाई की रात से उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और 23 जुलाई तक भी उनकी आवाजाही पर प्रतिबंध जैसी स्थिति बनी रही। उन्हें केवल अपने आवास से जिला कांग्रेस कार्यालय तक आने-जाने की अनुमति दी गई, जबकि अन्य स्थानों पर जाने की इजाजत नहीं दी गई।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, दिल्ली में प्रस्तावित पार्टी कार्यक्रम और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इसी क्रम में राकेश त्यागी के आवास पर पुलिस की तैनाती की गई और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। पूरे समय पुलिसकर्मी उनके घर के बाहर मौजूद रहे।
राकेश त्यागी ने बताया कि तीन दिनों तक वे सामान्य रूप से कहीं भी नहीं जा सके। उनका कहना है कि जिला कांग्रेस कार्यालय जाने के अलावा किसी अन्य स्थान पर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश बताते हुए आपत्ति जताई।
उधर, जिला कांग्रेस कार्यालय पर दिनभर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आना-जाना लगा रहा। नेताओं ने संगठन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर चलता रहा।
वहीं, पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।













0 Comments