Report By: NadeemNaqvi
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गौकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे छह बदमाशों की सोमवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पावटी गांव के आम के बाग में घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, होंडा सिटी कार, मोटरसाइकिल और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पावटी गांव के आम के बाग में कुछ लोग प्रतिबंधित पशु का कटान करने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नईम निवासी हापुड़ नगर, जमील निवासी मेरठ और बिलाल निवासी मसूरी घायल हो गए।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से मोहम्मद परवेज निवासी मेरठ, सोनू निवासी अठसैनी और आहत निवासी मसूरी को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद, कुशीनगर और हरियाणा के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस की सख्ती से मचा हड़कंप
थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पावटी में गौकशी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी की थी। बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। तीन आरोपी घायल हुए और छह को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध हथियारों के साथ जीवित प्रतिबंधित पशु और कटान के उपकरण बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments