हापुड़- 38 लाख के ठेके से लेकर ‘मौत के कुएं’ तक सवाल! रामलीला मेले में अवैध वसूली और नियमों के उलंघन का आरोप, शिकायत पहुंची डीएम दरबार


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। शहर के रामलीला मैदान में आयोजित मेले को लेकर एक शिकायत जिलाधिकारी को सौंपकर आयोजन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता विकास गोयल ने मेले में संचालित झूलों, मौत के कुएं, दुकानों और ध्वनि व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रशासन की ओर से 16 अक्टूबर को जारी अनुमति की कुछ शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है। मेले में देर रात तक तेज आवाज में लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम चलने से आसपास के आवासीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को परेशानी होने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने निर्धारित समय के बाद ध्वनि यंत्रों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।

इसके अलावा रामलीला मैदान की सरकारी भूमि पर मेले के आयोजन और कथित तौर पर 38 लाख रुपये में ठेका छोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि मेले में आने वाले छोटे दुकानदारों और चाट-पकौड़ी विक्रेताओं से भी वसूली की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

शिकायत में बिना फिटनेस जांच के बड़े झूलों और मौत के कुए के संचालन तथा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के नीचे दुकानें लगाए जाने को लेकर भी सुरक्षा संबंधी चिंता जताई गई है। साथ ही अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर जनसुरक्षा को देखते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


Post a Comment

0 Comments