हापुड़- पूर्व प्रधान इंशाद के निधन पर भावुक हुए प्रताप चौहान, जनाजे को कंधा देकर दी अंतिम विदाई, परिजनों को बंधाया ढांढस


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के देहरा गांव के पूर्व प्रधान इंशाद के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेता प्रताप सिंह चौहान देहरा गांव पहुंचे। उन्होंने दिवंगत पूर्व प्रधान के जनाजे में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रताप सिंह चौहान ने जनाजे को स्वयं कंधा दिया और अंतिम विदाई में शामिल हुए।
जनाजे में बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्र के गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। गांव में माहौल गमगीन रहा। प्रताप सिंह चौहान ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सपा नेता प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि पूर्व प्रधान इंशाद के निधन की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र के लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है। इंशाद का लोगों से आत्मीय जुड़ाव था और सामाजिक स्तर पर भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके निधन से पैदा हुई रिक्तता की भरपाई आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस कठिन समय में वह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह आगे भी उनके सुख-दुख में साथ रहेंगे। जनाजे में मौजूद लोगों ने भी दिवंगत पूर्व प्रधान के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Post a Comment

0 Comments