हापुड़- कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, जिलाध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन, वरिष्ठ कांग्रेसियों को किया सम्मानित


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। पिलखुवा के इंदिरा चौक पर कांग्रेसियों ने शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान जन गण मन का गायन कर देश के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी मुख्य अतिथि तथा पूर्व विधायक गजराज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसियों को फूलमाला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसी डॉ. आसाराम शर्मा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।
तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक : राकेश त्यागी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि भारत का राष्ट्रध्वज तिरंगा देश की आन, बान, शान और राष्ट्रीय संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे की शान और देश की रक्षा के लिए हर कांग्रेसजन मरने-मिटने को तैयार है।

पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए कांग्रेस के नेताओं, महापुरुषों और अमर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी। स्वतंत्रता दिवस पर उन महान नायकों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

हापुड़ शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि देश की आजादी के लिए महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों की यातनाएं सहीं और लाठियां खाईं। उनके संघर्ष और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता।

पिलखुवा नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मजबूत होकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कांग्रेस को सत्ता में लाने का आह्वान किया।

जिला प्रवक्ता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट शहजादा चौधरी ने कहा कि जिस तरह देश के महानायकों ने भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराया, उसी तरह जनता को मौजूदा सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम का संचालन दाऊद खान ने किया।

नेहरू प्रतिमा पर भी पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष

पिलखुवा में ध्वजारोहण के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी हापुड़ शहर के अतरपुरा चौराहे पर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पहुंचे और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में AICC सदस्य एवं निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व पीसीसी ऑब्जर्वर रिजवान कुरैशी, यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पीसीसी ऑब्जर्वर नरेंद्र चौहान तथा पीसीसी ऑब्जर्वर हापुड़ पंकज तेजानिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर सुशील शास्त्री, पवन कौशिक, सविता गौतम, सौरभ शर्मा, कपिल शर्मा, गौरव गर्ग, मदन सिंह चौहान, सतीश त्यागी, एडवोकेट मोहम्मद फुरकान, मूलचंद सक्सेना, मुंशी हबीब, लाल बहादुर, नफीस खान, मोहम्मद परवेज, मास्टर जयपाल सिंह, एडवोकेट गुलफाम सैफी, साहिल सैफी, छुट्टन मेंबर, मनीष त्यागी, आमिर मलिक, अजीत शर्मा, आदेश शर्मा, विनोद शर्मा, मुकेश शर्मा, सोनू अब्बासी, हाजी नौशाद, एडवोकेट योगेश शर्मा, साबिर मेंबर, अनीश हवारी, प्रेम शर्मा, एडवोकेट सचिन, सुमित अग्रवाल, बॉबी त्यागी, शहजाद मेवाती, गोपाल भारती, महबूब अली सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments