हापुड़- जिला अस्पताल में उत्साह और देशभक्ति के बीच मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Report By: Sakib Rana 
हापुड़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर में शनिवार को देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। अस्पताल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमलता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित चिकित्सकों, अधिकारियों तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया।
इस दौरान अस्पताल परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। चिकित्सकों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन करते हुए राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अस्पताल में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बेहतर कार्य, जिम्मेदारी और मरीजों के प्रति समर्पित सेवा के लिए चयनित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मान मिलने पर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. हेमलता ने कहा कि जिला चिकित्सालय केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। मरीजों को बेहतर उपचार और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जरूरतमंद मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान कर्मचारियों ने डॉ. हेमलता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके सरल और सहयोगात्मक व्यवहार से अस्पताल में सकारात्मक कार्य वातावरण को बढ़ावा मिला है।

अंत में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments