हापुड़- संगठन सृजन अभियान में गढ़मुक्तेश्वर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जिलाध्यक्ष पद के लिए 8 और शहर अध्यक्ष पद पर 4 दावेदारों ने किया आवेदन, 23 अगस्त तक बढ़ी अभियान की अवधि


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के चौथे चरण के तहत शुक्रवार को गढ़मुक्तेश्वर स्थित शगुन फार्म हाउस में आयोजित बैठक में पार्टी ने अपनी सांगठनिक सक्रियता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया।
बैठक में एआईसीसी पर्यवेक्षक चेतन चौहान, पीसीसी पर्यवेक्षक रिजवान कुरैशी, नरेंद्र चौहान और पंकज तेजानिया ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। चेतन चौहान ने बताया कि 16 अगस्त से शुरू हुए अभियान को कार्यकर्ताओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए दो दिन और विस्तार दिया गया है। अब अभियान 23 अगस्त तक जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि हापुड़ में पार्टी के संगठनात्मक पदों के लिए कार्यकर्ताओं से आवेदन लिए गए हैं। जिलाध्यक्ष पद के लिए करीब आठ तथा शहर अध्यक्ष पद के लिए चार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों पर पार्टी नेतृत्व द्वारा मंथन के बाद निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने में जुटी है। अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं की राय, सुझाव और क्षेत्रीय समस्याओं को नेतृत्व तक पहुंचाया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन विस्तार को प्राथमिकता दी और लगातार कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने दावा किया कि अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता एडवोकेट शहजादा चौधरी ने किया। बैठक में पूर्व विधायक गजराज सिंह, विजय गोयल, अरविंद शर्मा, सैय्यद अयाजुद्दीन, आभा चौधरी, दिनेश चंद शर्मा, मिथुन त्यागी, डॉ. शोएब, मुकेश कौशिक, रजनीश त्यागी, बिजेंद्र त्यागी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments