हापुड़- सैना में पीडीए पंचायत में उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं और युवाओं ने 2027 में सपा सरकार का लिया संकल्प


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गांव सैना में 19 अगस्त को आयोजित PDA पंचायत में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर महंगाई, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पंचायत में मौजूद लोगों ने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
पंचायत को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधानसभा 60 गढ़मुक्तेश्वर से एडवोकेट सुधीर चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अब केवल सरकारी घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहतीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, रोजगार, सम्मान और मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रही हैं।
महिलाओं ने बढ़ती महंगाई, रसोई के बढ़ते खर्च, गैस सिलेंडर की कीमतों, सोना-चांदी के दाम और लगातार बढ़ रहे बिजली के बिल को लेकर चिंता जताई। स्थानीय परिवहन व्यवस्था नहीं होने से छात्राओं और महिलाओं को होने वाली परेशानियों का मुद्दा भी पंचायत में प्रमुखता से उठाया गया।
सुधीर चौहान ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, बेहतर महिला हेल्पलाइन, ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा, ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और इंटर कॉलेज को डिग्री कॉलेज में उच्चीकृत करने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने केजी से पीजी तक निःशुल्क शिक्षा की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक जागरूकता का संकेत है। पंचायत में वक्ताओं ने 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनाने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments