हापुड़- 'सच्चाई और छात्रों की हुई जीत'— शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कांग्रेस का मशाल जुलूस

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी के नेतृत्व में शहर में मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौराहे से शुरू हुआ मशाल जुलूस नगर पालिका परिसर स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जुलूस के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए इसे छात्रों, संविधान और न्याय की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले 20 दिनों से छात्रों के आंदोलन के साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास तक किए गए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने छात्रों की आवाज उठाना जारी रखा।
राकेश त्यागी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने छात्रों के साथ बर्बरता की, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से नाराज है और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश में अपनी सरकार बनाकर जनहित में कार्य करेगी।

इस मौके पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, शहर अध्यक्ष इरफ़ान कुरैशी, रश्मि चौधरी, सविता गौतम, आईसी शर्मा, नरेश भाटी, कपिल शर्मा, विनोद जाटव, एड.फुरकान, आदेश शर्मा, डालचंद शर्मा, लोकपाल सागर, अनूप कर्दम, गुलफाम अली, जस्सा सिंह, कुसुम लता, यशपाल ढीलोर, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार, गोपाल भारती, महबूब अली आदि मौजूद रहे।



विज्ञापन 

Post a Comment

0 Comments