Report By: Nadeem Naqvi
जीएस विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय 'आरोहण' का शुभारंभ, विकसित भारत-2047 के लिए भावी चिकित्सकों को किया प्रेरित
व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण और चिकित्सा सेवा पर विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
हापुड़। पिलखुवा स्थित जीएस विश्वविद्यालय में विश्व हिन्दू परिषद के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय 'आरोहण' कार्यक्रम का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न मेडिकल संस्थानों के एमबीबीएस, बीडीएस और बीएएमएस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य को साकार करने में चिकित्सा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा भावी चिकित्सकों में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, सेवा भावना, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रेरक व्याख्यान, संवाद सत्र, नेतृत्व विकास कार्यशालाएं, समूह चर्चा और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र, जीएस विश्वविद्यालय के चांसलर गंगा सरन शर्मा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शशि शर्मा, वाइस चांसलर डॉ. यतीश अग्रवाल, प्रो-चांसलर डॉ. अंकित शर्मा, यज्ञदत्त शर्मा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के डॉ. सुधांशु यज्ञदत्त शर्मा, केडी मेडिकल कॉलेज, मथुरा के डॉ. गौरव तथा जीआईएमएस, नोएडा के निदेशक ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ज्ञान, संवेदनशीलता, सेवा और राष्ट्रहित की भावना के साथ अपने चिकित्सा जीवन को आगे बढ़ाएं तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम के आगामी सत्रों में विभिन्न विशेषज्ञ आधुनिक चिकित्सा, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व कौशल और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।













0 Comments