हापुड़- महंगाई के खिलाफ बहुजन मुक्ति पार्टी का ‘दे धक्का’ आंदोलन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


हापुड़। बहुजन मुक्ति पार्टी (बीएमपी) द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तीसरे और अंतिम चरण में रविवार को महंगे पेट्रोल-डीजल, स्मार्ट मीटर और घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिलों और ई-रिक्शा को धक्का देकर विरोध जताया तथा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

आंदोलन का नेतृत्व बहुजन मुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुकेश कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद कार्यकर्ता अपनी मोटरसाइकिलों और ई-रिक्शा को धक्का देते हुए अंबेडकर प्रतिमा स्थल से नगर पालिका परिसर पहुंचे। वहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार नितिन कुमार को सौंपा गया।

ज्ञापन में घरेलू और कमर्शियल गैस, पेट्रोल व डीजल के दाम आधे करने, स्मार्ट मीटर योजना को बंद करने तथा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान एडवोकेट मुकेश कुमार ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता की कमर टूट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ती है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है और महंगाई बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि देश में पहले से ही बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है, ऐसे में बढ़ती महंगाई आम लोगों के लिए अतिरिक्त बोझ साबित हो रही है। पार्टी ने सरकार से जनहित में तत्काल राहत देने की मांग की।

प्रदर्शन में आकाश कुमार एडवोकेट जिलाध्यक्ष बीएमपी, अजय प्रताप सिंह एडवोकेट, मुकुल कुमार एडवोकेट, सतीश पाल सिंह, वेद प्रकाश, अनिल कुमार, श्यामवीर, रणबीर, मुकेश देवी, ज्योति, कविता, मनोज कुमार, सुखवीर सिंह, प्रसादी लाल, गंगाराम, बब्लू, टोडल सिंह, जयप्रकाश, सुराजीलाल, अतुल बेदू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Post a Comment

0 Comments